अनादि न्यूज़ डॉट कॉम, महासमुंद। सुशासन तिहार 2025“ के प्रथम चरण की जिले में शानदार और उत्साहपूर्ण शुरुआत हुई। आम जनता तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने जनपद पंचायत पिथौरा के सुदूर ग्रामों बम्हनी, बैतारी, झगरेनडीह तथा बागबाहरा जनपद के तेंदुकोना, मोंगरापाली और सम्हर पंचायतों का दौरा किया।
उन्होंने मौके पर पहुंचकर सुशासन तिहार के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण किया। इसी के साथ जिले के पांचों विकासखंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए नियुक्त किए गए 51 नोडल अधिकारियों ने संबंधित ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया।“
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुँचाने हेतु मुनादी करवाई जाए तथा दीवार लेखन के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, साथ ही आम जनता की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना भी इसका अहम हिस्सा है। सुशासन तिहार को लेकर ग्राम वासियों में उत्साह और भागीदारी की भावना देखने को मिली। कलेक्टर लंगेह ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना। इस दौरान पिथौरा में अनुविभागीय अधिकारी ओंकारेश्वर सिंह एवं बागबाहरा में अनुविभागीय अधिकारी उमेश कुमार साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने तिहार की तैयारियों व क्रियान्वयन की जानकारी दी।